उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेता और प्रमुख प्रचारकों ने आज प्रचार किया।
केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज वाराणसी में पार्टी के मीडिया केन्द्र का उद्घाटन किया। बाद में उन्होंने कौशाम्बी निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित किया। अमित शाह ने रायबरेली और गोंडा निर्वाचन क्षेत्रों में भी प्रचार किया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने मोहनलालगंज निर्वाचन क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बहराइच और अमेठी निर्वाचन क्षेत्रों में भी प्रचार किया।
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र में हरचंदपुर से आज अपने प्रचार अभियान की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि रायबरेली में जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस के कारण ही हुआ है। छत्तीसगढ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने भी रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र में राहुल गांधी के पक्ष में प्रचार किया।
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने बाराबंकी में इंडी गठबंधन के उम्मीदवार तनुज पूनिया के पक्ष में एक रैली को संबोधित किया। बाद में उन्होंने मोहनलालगंज और लखनऊ निर्वाचन क्षेत्रों में भी प्रचार किया।