उत्तर प्रदेश के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने आज राज्य विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अनुपूरक बजट पेश किया। अनुपूरक बजट की राशि 12 हजार 209 करोड़ 93 लाख रुपये है। इसे सात हजार नौ करोड़ रुपये से अधिक के पूंजीगत व्यय और चार हजार दो सौ करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व व्यय में विभाजित किया गया है। राज्य का अनुपूरक बजट इस साल के मुख्य बजट का 1.66 प्रतिशत है।
वित्त मंत्री ने कहा कि अनुपूरक बजट में औद्योगिक विकास के लिए सात हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक, ऊर्जा विभाग के लिए दो हजार करोड़, परिवहन विभाग के लिए एक हजार करोड़, शहरी विकास विभाग के लिए छह सौ करोड़ जबकि उत्तर प्रदेश कौशल विकास के लिए दो सौ करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। अनुपूरक बजट पर बृहस्पतिवार को चर्चा होगी।
प्रश्नकाल के दौरान नेता सदन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मुद्दे पर जवाब दिया. उन्होंने कहा कि 2016 की तुलना में यूपी में दहेज और रेप के मामलों में कमी आई है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2020 से उनकी सरकार ने मिशन शक्ति अभियान को आगे बढ़ाया है और उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा के लिए लगभग 1.5 लाख पुलिसकर्मियों को भर्ती किया गया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध से संबंधित लंबित मामलों को सुलझाने के मामले में राज्य देश में दूसरे स्थान पर है।