उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया। सम्मान समारोह उत्तर प्रदेश के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने शुभांशु के अंतरिक्ष मिशन एक्सिओम-फोर को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद उनके गृहनगर पहुंचने पर आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभांशु की ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में उनके नाम पर एक छात्रवृत्ति शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतरिक्ष विज्ञान केवल अंतरिक्ष अन्वेषण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को सुगम बनाने और प्राकृतिक चुनौतियों तथा आपदाओं से निपटने में भी सहायक हो सकता है।
इस अवसर पर, शुभांशु शुक्ला ने कहा कि आने वाले समय में लोग नासा की नहीं, बल्कि इसरो की बात करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके अंतरिक्ष मिशन के बाद हुए परिवर्तन देश की अंतरिक्ष यात्रा को आगे बढ़ाने में बहुत सहायक होंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारे देश के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण का स्वर्णिम काल है।