उत्तर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों के बहुत से मुख्य प्रचारक आज अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने आज इस चुनाव के लिए रायबरेली में अपनी पहली राजनीतिक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने रायबरेली के बचरावन क्षेत्र में प्रचार किया और छोटी जनसभाएं की। भाजपा को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो आशा कर्मियों, आंगनबाड़ी कर्मियों और मनरेगा के श्रमिकों की मजदूरी दोगुनी कर दी जाएगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने आज शाहजहांपुर की एक जनसभा में भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी झूठे वादे करती है। उन्होंने बाद में फर्रुखाबाद में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और पार्टी उम्मीदवार अजय मिश्रा टेनी के पक्ष में लखीमपुर खीरी जिले में एक जनसभा को भी संबोधित किया।
उन्होंने लोगों से भाजपा को इस चुनाव में न सिर्फ श्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मतदान करने का आग्रह किया बल्कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने के लिए भी मतदान करने को कहा। बाद में श्री शाह हरदोई और कन्नौज जिलों में राजनीतिक जनसभा को संबोधित करेंगे।
वहीं भाजपा के संगठनात्मक सचिव बीएल संतोष बाराबंकी और गोंडा जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी अविनाश पांडेय जालौन जिले में आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।