देश के उत्तर-पूर्वी भाग में रेमल चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश और भूस्खलन से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मौसम विभाग ने उत्तर पूर्व के विभिन्न राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर पूर्वी क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान चक्रवाती तूफान के कारण 33 लोगों की मौत हो गई है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने नागांव, होजई, कार्बी आंगलोंग, गोलाघाट, दिमा हसाओ, कछार, हैलाकांडी और करीमगंज जिलों में सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है। लगातार जारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बराक घाटी, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम और उत्तरी असम का अन्य क्षेत्रों से संपर्क टूट गया है।