उत्तर कोरिया द्वारा आज कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद जापान ने आपातकालीन अलर्ट जारी किया है। उत्तर कोरिया ने ये मिसाइलें ऐसे समय में दागीं, जब दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति चीन रवाना होने वाले थे। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा होने की संभावना है।
दक्षिण कोरिया के सेना प्रमुख ने कहा कि उत्तर कोरिया की बैलिस्टिक मिसाइलें लगभग 560 मील की दूरी तक गईं। दक्षिण कोरिया तथा अमरीका के अधिकारी इस प्रक्षेपण का विश्लेषण कर रहे हैं।
ख़बरों में कहा गया है कि इस प्रक्षेपण का उद्देश्य उत्तर कोरिया में सत्तारूढ़ पार्टी के आगामी कांग्रेस से पहले, रक्षा क्षेत्र में देश की उपलब्धियों का प्रदर्शन करना है।