आज उत्तरी और दक्षिणी गजा पट्टी में इस्राइली हवाई हमलों में नौ फलस्तीनी मारे गए। इस्राइल की सेना ने कहा कि ये हमले हमास के युद्धविराम उल्लंघन के जवाब में किए गए थे।
फलस्तीनी नागरिक सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि विस्थापित परिवारों के शिविर पर इस्राइली हवाई हमले में चार लोग, जबकि खान यूनिस में एक अन्य हमले में पांच लोग मारे गए।
एक इस्राइली सैन्य अधिकारी ने हमलों को सटीक और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप बताया। अधिकारी ने कहा कि हमास ने अक्टूबर में हुए युद्धविराम का छह बार से अधिक उल्लंघन किया था। कथित उल्लंघनों में यलो लाइन के पूर्व में लड़ाकों की आवाजाही शामिल थी। यलो लाइन युद्धविराम में इस्राइल और हमास के नियंत्रण वाले क्षेत्रों को चिन्हित करने के लिए निर्धारित है।
इस्राइल और हमास अक्सर एक-दूसरे पर युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाते रहे हैं, जो गजा युद्ध को समाप्त करने के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की योजना में शामिल एक महत्वपूर्ण बिन्दू है।