नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश विशेष रूप से उत्तरी आंध्र अपनी क्षेत्रीय कमियों को ताकत में बदलकर खुद को एक वैश्विक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित कर रहा है। उन्होंने आज विशाखापत्तनम में आयोजित भारतीय उद्योग परिसंघ – सीआईआई स्वर्ण आंध्र प्रदेश सम्मेलन में कहा कि विजन 2020 जैसी पिछली पहलों ने वर्तमान विकास की नींव रखी है। नागर विमानन मंत्री ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू को दूरदर्शी नेतृत्व प्रदान करने का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत केंद्र-राज्य समन्वय के समर्थन से राज्य में स्वर्ण आंध्र 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की अनुकूल परिस्थितियां हैं। बुनियादी ढांचे को विकास का एक प्रमुख माध्यम बताते हुए, श्री राम मोहन नायडू ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों, बंदरगाहों और हवाई अड्डों में निवेश से विभिन्न क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का लक्ष्य सभी नागरिकों के लिए दो घंटे के भीतर हवाई अड्डे तक पहुंच सुनिश्चित करना और श्रीकाकुलम से नेल्लोर तक बंदरगाह के बुनियादी ढांचे का विस्तार करना है।
News On AIR | मार्च 21, 2026 9:46 अपराह्न
उत्तरी आंध्र कमियों को ताकत में बदलकर वैश्विक पर्यटन केंद्र बन रहा: नागर विमानन मंत्री