मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जून 26, 2024 6:13 अपराह्न

printer

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की

उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से भेंट की। इस दौरान श्री धामी ने रक्षा मंत्री से नैनीताल में पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए रक्षा संपदा की भूमि राज्य सरकार को देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल जिले में विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज का आश्रम कैंची धाम है, जहां श्रद्धालुओं की संख्या में अत्यधिक बढोतरी हो रही है।

 

श्री धामी ने बताया कि नैनी झील से दो किलोमीटर दूरी पर रक्षा सम्पदा विभाग की भूमि है, जिसका क्षेत्रफल तीन एकड़ है। उन्होंने कहा कि यदि इस भूमि को पार्किंग के लिए उपलब्ध करा दिया जाता है तो नैनीताल में पार्किंग व्यवस्था की समस्या का समाधान हो जाएगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री को सहयोग देने का आश्वासन दिया। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने कल नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

 

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री से राज्य आपदा मोचन निधि के अन्तर्गत पुनर्निमाण के लिए धनराशि बढ़ाने का अनुरोध किया। साथ ही राज्य आपदा मोचन निधि के मानकों में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त 33 किलो वॉट से अधिक क्षमता की एच.टी. लाइन के पुनर्निर्माण के लिए राज्य के लिए धनराशि की व्यवस्था का भी अनुरोध किया।