मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने जिलाधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की सभी गतिविधियों के अनिवार्य डॉक्यूमेंटेशन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15 अगस्त तक हरेला के तहत निर्धारित 50 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को पूरा करने को कहा गया है।
स्वतंत्रता दिवस से एक सप्ताह पूर्व सभी जिलों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही हर घर तिरंगा अभियान में प्लास्टिक के झंडों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने झंडों के निर्माण व आपूर्ति में महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता लेने को कहा है।
मुख्य सचिव ने कहा कि तिरंगा श्रद्धाजंलि के तहत स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही हर घर तिरंगा कार्यक्रम स्थलों पर तिरंगा कैनवास लगाया जाएगा, जिसमें लोग स्थानीय भाषा में हर घर तिरंगा या जय हिंद लिख सकेंगे। इसके साथ ही 12 अगस्त को युवाओं को विकसित भारत के तहत नशे से मुक्ति की शपथ दिलवाई जाएगी।