मार्च 1, 2025 3:45 अपराह्न

printer

उत्तराखंड सरकार तकनीक और नवाचार के उपयोग से सरकारी सेवाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार तकनीक और नवाचार के उपयोग से सरकारी सेवाओं को पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित विज्ञान धाम झाझरा में आयोजित कार्यक्रम में श्री धामी ने कहा कि आज प्रदेश के हर जिले में विज्ञान और नवाचार केंद्र, लैब्स ऑन व्हील्स, जीएसआई डैशबोर्ड, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट इनफार्मेशन सेंटर और स्टेम लैब्स के माध्यम से विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। साथ ही सरकार, राज्य में रोबोटिक, ड्रोन, सेमी कंडक्टर और प्री-इनक्यूबेशन लैब की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण नवाचारों को भी बढ़ावा दे रही है।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून देश की पांचवी साइंस सिटी बन रही है, जो उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि साइंस सिटी राज्य को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में एक वैश्विक गंतव्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।