राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राज्य में हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान के लिए हिमालयन केन्द्रीय विश्वविद्यालय की आवश्यकता पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान खोलने का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक आपदाओं और चुनौतियों का समाधान खोजना है।
उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय न केवल उत्तराखण्ड को सहयोग करेगा बल्कि सम्पूर्ण हिमालयी क्षेत्र के राज्यों सहित कई देशों को भी इसका लाभ मिलेगा। राज्यपाल ने देहरादून स्थित राजभवन में वाडिया हिमालय भूविज्ञान संस्थान के पूर्व निदेशक डॉ. कलाचन्द सैन से भेंट के दौरान ये बातें कही।
डॉ. सैन ने राज्यपाल के समक्ष हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियों और उनके समाधान के सम्बन्ध में प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने कहा कि हिमालय विज्ञान एक व्यापक क्षेत्र है, हिमालय पर्वत श्रृंखला के पर्यावरण, पारिस्थितिकी, भूविज्ञान और जल विज्ञान का शोध तथा अध्ययन करना जरूरी है।