मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जनवरी 13, 2025 5:40 अपराह्न

printer

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिये अब केवल पन्द्रह दिनों का समय शेष, तैयारियां जोरों पर

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिये अब केवल पन्द्रह दिनों का समय शेष है। 38वें राष्ट्रीय खेलों का कैलेंडर भी जारी कर दिया गया है। 28 जनवरी से बास्केटबॉल की प्रतियोगिता शुरू होंगी। इसके बाद 29 जनवरी से वुशु, रग्बी, बैडमिंटन और शूटिंग के खेल संपन्न कराये जांएगे।

 

30 जनवरी से वेट लिफ्टिंग और स्क्वैश का आयोजन किया जाएगा और इसी दिन से गोल्फ खेल का आयोजन भी प्रस्तावित है। एक फरवरी से तीरंदाजी और लॉन बॉल की प्रतियोगितांए शुरू होंगी। इसके बाद पांच से ग्यारह फरवरी के बीच टेनिस प्रतियोगिताओं को संपन्न कराया जाएगा। एथलेटिक्स खेल आठ से 12 फरवरी के बीच आयोजित किये जांएगे।

 

राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को बेहतर तरीके से संपन्न करने के लिये प्रदेश में तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। खेलों के आयोजन स्थलों पर बेहतर सुविधांए देने के साथ ही शासन-प्रशासन स्तर पर स्वच्छता का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में हल्द्वानी के ट्रचिंग ग्राउंड को ग्रीन बेल्ट में बदलने का काम किया जा रहा है।

 

मुख्य नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने ट्रचिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर फैले कूड़े के निस्तारण को लेकर में निगम की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही इसके परिणाम धरातल पर दिखाई देंगे।

इस बीच, प्रदेश की खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम में वॉलीबॉल और हैंडबॉल के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी तैयारी के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत के साथ राष्ट्रीय खेलों की तैयारी करने के लिये प्रेरित किया।