उत्तराखंड में पिछले चौबीस घंटों में अलग-अलग दुर्घटनाओं में सात लोगों की मुत्यु हो गई। नई टिहरी जिला मुख्यालय के बौराड़ी में नगर पालिका के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने चार लोगों को टक्कर मार दी, जिनमें से तीन लोगों की मृत्यु हो गई।
इस घटना में एक बच्चा घायल है, जिसका उपचार किया जा रहा है। वाहन चालक नशे में वाहन चला रहा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक दुपहिया वाहन के खाईं में गिरने से दो लोगों की मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्ति गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए आए थे। वहीं ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोग मारे गए हैं।