उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा के मार्ग पर कई स्थानों पर यातायात बाधित हुआ है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेताला और ज्ञानसू के निकट भूस्खलन के बाद यातायात बंद है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, बारकोट के निकट मलबा जमा होने की वजह से बंद है। चमोली जिले में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर छिनका के निकट भूस्खलन के कारण यातायात पर असर पड़ा है। इसके अतिरिक्त तेज वर्षा के कारण हुए भूस्खलन के बाद राज्य में गांवों से जुड़़ने वाले लगभग 100 सड़क मार्गों पर यातायात बंद है। इस बीच मौसम विभाग ने आज चमोली और बागेश्वर जिलों में कुछ स्थानों पर तेज वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के अन्य भागों में भी वर्षा होने का अनुमान है। आगामी कुछ दिनों तक वर्षा जारी रह सकती है।