कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने चम्पावत जिले में लगभग पन्द्रह दिन से बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (स्वाला) का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी नवनीत पांडेय ने आयुक्त को राष्ट्रीय राजमार्ग में किए जा रहे पहाड़ी के स्थाई उपचार के कार्यों के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य अभियंता दयानंद ने बताया कि स्वाला एक सक्रिय स्लाइड जोन है। इसके स्थाई समाधान के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण पहाड़ी में जगह-जगह हो रहे जल रिसाव से 25 मीटर के हिस्से में भू-धंसाव हुआ है। इससे मार्ग बार-बार अवरुद्ध हो रहा है। कुमाऊं आयुक्त ने सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए मार्ग पर वाहनों का सुरक्षित आवागमन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को भूस्खलन का स्थाई समाधान करने को कहा है।
Site Admin | सितम्बर 30, 2024 3:02 अपराह्न
उत्तराखंड के स्वाला में बंद एनएच-9 का कुमाऊं आयुक्त ने किया निरीक्षण