उत्तराखंड के सभी जिलों और 50 हजार से अधिक आबादी वाले शहरों में खेल विभाग द्वारा आधुनिक सुविधायुक्त बहुउद्देशीय हॉल व खेल मैदान बनाएं जाएंगे। खेल विभाग 10 दिन में इसका पूरा प्रस्ताव तैयार करेगा और अगले दो साल में इन्हें तैयार करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में खेल विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुउद्देशीय हॉल व खेल मैदान के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। बहुउद्देशीय हॉल में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल व अन्य इंडोर खेलों की व्यवस्था करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने इनके संचालन और रखरखाव की भी समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को खिलाड़ियों और विभागीय कार्मिकों के सहयोग से खेल परिसरों में स्वच्छता अभियान चलाने को भी कहा है। उन्होंने राज्य में खेलों को तेजी से बढ़ावा देने के लिए संस्थानों से कोई एक खेल गोद लेने की अपेक्षा की है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ युवा, स्वस्थ उत्तराखण्ड’ योजना के तहत ग्राम पंचायतों में स्थापित ‘ओपन जिम’ का क्रियान्वयन और प्रभावी तरीके से किया जाए।
Site Admin | जुलाई 5, 2024 4:07 अपराह्न
उत्तराखंड के सभी जिलों और 50 हजार से अधिक आबादी वाले शहरों में खेल मैदान बनाएं जाएंगे
