राजधानी देहरादून में सफाई व्यवस्था और इसकी निगरानी, कूड़ा उठान, कूड़ा वाहन संचालन, फॉगिंग और सत्यापन कार्य अब उप नगर आयुक्त द्वारा किया जाएगा। अभी तक यह काम मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा किया जाता था।
मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी अब अपने पद के मूल कार्य करेंगे, जिनमें स्वास्थ्य विभाग से समन्वय, शहरी क्षेत्र में डेंगू-मलेरिया रोकथाम, सर्विलांस, स्वास्थ्य जोखिम आकलन आदि कार्य शामिल हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि जिलाधिकारी नगर निगम के सफाई कार्यों की स्वंय मॉनिटिरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कूड़ा उठान कार्यों और इसकी निगरानी में लचर व्यवस्था पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की थी।
यह सभी कार्य उप नगर आयुक्त का है, जबकि जिले में कई वर्षों से यह कार्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी अपने पद के अन्य कार्यों के साथ कर रहे थे, जिसको जिलाधिकारी ने अब बदल दिया है।