उत्तराखंड में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट देखी जा रही है। क्रिसमस से पहले राज्य में ठंड बढ गई है। विभिन्न स्थानों पर ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य के कुछ हिस्सों में आज भी बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके अतिरिक्त, 27 और 28 दिसम्बर को प्रदेश के सभी जिलों में बारिश और दो हजार पांच सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यादोंलनकारी स्वर्गीय इंद्रमणि बड़ोनी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आंदोलनकारी इंद्रमणि बड़ोनी की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य निर्माण आन्दोलन में इंद्रमणि बड़ोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उत्तराखंड राज्य आन्दोलन में उनके सक्रिय सहयोग को सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंद्रमणि बड़ोनी 1994 के राज्य आंदोलन के सूत्रधार रहे। वे देवभूमि के संस्कारों के अग्रदूत और पहाड़ के सच्चे हितैषी थे।