मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
Listen to live radio

मई 19, 2024 8:39 अपराह्न

printer

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठे और सातवें चरण के लिए प्रचार चरम पर

 

उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के छठे और सातवें चरण के लिए प्रचार चरम पर है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह ने आज प्रयागराज के फूलपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आईएनडीआई गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। श्री अमित शाह ने जौनपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ फैला रही है कि यदि फिर से मोदी सरकार सत्‍ता में आई तो आरक्षण खत्म कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश को बांटना चाहती है लेकिन भाजपा ऐसा कभी नहीं होने देगी।

 

भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ और प्रयागराज के फूलपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज आजमगढ की पहचान बदल चुकी है। रोजगार की तालाश में युवाओं का पलायन कम हुआ है।

 

भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गाजीपुर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा उम्मीदवार को जिताने की अपील की।

 

उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इलाहबाद निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त जनसभा को संबोधित किया।

 

कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने महाराजगंज में संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनाने के बारे में झूठ बोलती है। वाराणसी से आईएनडीआई गठबंधन उम्मीदवार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आज घर-घर जाकर प्रचार किया।

 

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने मऊ में जनसभा में घोसी लोकसभा सीट से अपनी पार्टी के उम्मीदवार को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने बलबूते चुनाव लड रही है। सुश्री मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी ने टिकट बटवारे में समाज के सभी वर्गों को बराबरी का हक दिया है।