प्रदेश में होली का त्यौहार परम्परागत तरीके से हर्षाल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में होली की धूम देखने को मिली। सुबह लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर रंगोत्सव की शुभकामनाएं दी।
इस दौरान होलियारों की टोलियों ने पारंपरिक परिधान पहने घर-घर जाकर होली के गीत गाए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित राजभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह के साथ होली खेली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रंगोत्सव के त्यौहार से सभी को संकल्प लेकर उत्तराखंड को हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना होगा।
चमोली जिले के गोपीनाथ मंदिर में वर्षों से चला आ रहा पारंपरिक होली उत्सव इस बार भी धूमधाम से मनाया गया। इस उत्सव में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में होलियार पहुंचे। उधर, कुमाऊं मंडल में खड़ी और बैठकी होली मनाई गई।
होली पर होलियार पारंपरिक ढोल-दमाऊं और मंजीरों की थाप पर होली गीत गाते नजर आए। अल्मोड़ा जिले के मां नंदा देवी मंदिर प्रांगण में आज सर्वदलीय महिला समिति ने होली गायन का आयोजन किया।
सर्वदलीय महिला समिति की सचिव गीता मेहरा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हमारी संस्कृति को बचाए रखने का प्रयास किया गया है।