उत्तरकाशी जिले में प्राथमिक विद्यालयों के 12 कलस्टरों का चिन्हीकरण करते हुए इन स्कूलों में दो करोड़ चालीस लाख रुपए की धनराशि से बसों की व्यवस्था की जाएगी। ये बसें खेलकूद गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों के परिवहन की व्यवस्था के लिए भी उपयोग किए जा सकेंगे। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में संपन्न जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही न्यास से उप जिला चिकित्सालय पुरोला में आईसीयू के लिए आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था के लिए भी चालीस लाख की धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। इसके लिए खनिज न्यास की मद से हर संभव सहयोग दिए जाने का निश्चय किया गया है।