मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

अगस्त 22, 2025 10:39 अपराह्न

printer

उत्तरकाशी जिले के स्यानाचट्टी में बनी अस्थाई झील को खोलने का काम युद्धस्तर पर जारी

उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी में मलबे से बनी कृत्रिम झील को खोलने के लिए विभिन्न एजेंसियां युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। झील का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन सचिव, विनोद कुमार सुमन को जल निकासी के लिए चैनलाइजेशन और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने सुरक्षित स्थानों में ठहराए गए लोगों के साथ ही स्यानाचट्टी के निवासियों के लिए भोजन, रसोई गैस, दवाइयों के साथ ही पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन सचिव ने बताया कि अभी नदी के एक हिस्से से पानी की निकासी हो रही है। दलदल होने के कारण चैनेलाइजेशन करना अभी संभव नहीं हो पाया है।

 

राहत और बचाव दल अन्य विकल्पों पर भी विचार कर रहे हैं। इस बीच, उत्तरकाशी जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। झील के कारण संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्यानाचट्टी में मौजूद हैं और हालात पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। आज जिलाधिकारी राफ्ट से झील के दूसरे किनारे पर स्यानाचट्टी के लोगों से वार्ता करने पहुंचे। उन्होंने झील को जल्द खोलने और लोगों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।