उत्तरकाशी जिले में सुदूरवर्ती मोरी ब्लॉक के सावणी गांव में नौ आवासीय भवन जलकर राख हो गए। गांव की एक बुजुर्ग महिला लापता बताई जा रही है। जिलाधिकारी मेहरबान सिंह ने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए रात को ही टीमें रवाना कर दी गईं।
रात को ही आग पर नियंत्रण पा लिया गया। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के सावणी गांव में लगी आग से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्री, भोजन, कपड़े और अस्थायी आश्रय की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जाए। इस बीच, प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन द्वारा खाद्यान्न किट, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्रियों की व्यवस्था की जा रही है।