ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज़ जलडमरूमध्य अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए चालू है, लेकिन अमरीका और इस्राएल से जुड़े जहाज़ों को इस जलमार्ग से गुज़रने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उनकी यह टिप्पणी हालिया सैन्य घटनाक्रमों के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच आई है। एक अमरीकी चैनल को दिए इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि यह समुद्री मार्ग पूरी तरह से बंद नहीं किया गया है। ईरानी मंत्री का यह दावा ऐसे समय में आया है जब फ़ारसी खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच इस संकरे समुद्री मार्ग में सैकड़ों जहाज़, जिनमें कई भारतीय जहाज़ भी शामिल हैं, फंसे हुए हैं।
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अन्य देशों के जहाजों को इस मार्ग से गुजरने की अनुमति है। मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि कुछ शिपिंग कंपनियाँ पूरी तरह से नाकाबंदी के कारण नहीं, बल्कि सुरक्षा चिंताओं के चलते इस क्षेत्र से बचने का विकल्प चुन रही हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते तनाव के बावजूद कई टैंकर और मालवाहक जहाज़ अभी भी इस जलडमरूमध्य से गुज़र रहे हैं।