जून 19, 2025 12:01 अपराह्न

printer

ईरान से निकासी के लिए 350 से अधिक भारतीयों के अनुरोध प्राप्त हुए: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह

केन्‍द्र सरकार ईरान से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। भारतीय उच्‍चायोग के सदस्यों को लेकर एक और उड़ान के आज पहुंचने की उम्मीद है। इससे पहले, उत्तरी ईरान से लाए गए 110 भारतीय छात्र नई दिल्ली पहुंचे। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि सरकार को ईरान से निकासी के लिए 350 से अधिक भारतीयों के अनुरोध प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए आज एक विमान तुर्कमेनिस्तान भी जा रहा है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार इन उड़ानों के लिए सुरक्षित और खुले हवाई क्षेत्र का उपयोग कर रही है।

 

ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष के कारण बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत ने ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु की शुरूआत की है। आकाशवाणी समाचार ने ईरान से वापस लाये कुछ छात्रों से बातचीत की।