ईरान में जारी देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। पिछले एक सप्ताह से प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई में करीब 1,200 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये आंकड़े अमरीका में स्थित मानवाधिकार समाचार एजेंसी से प्राप्त हुए हैं। इसकी ताजा रिपोर्ट के अनुसार मृतकों में 29 प्रदर्शनकारी और चार बच्चों के अलावा ईरानी सुरक्षा बलों के दो सदस्य शामिल हैं। 28 दिसंबर 2025 को खाद्य पदार्थों के मूल्यों में आई जबरदस्त तेजी और लुढ़कती अर्थव्यवस्था के कारण ईरान के रियाल में रिकार्ड गिरावट आई जिससे लोगों में असंतोष बढ़ गया। देश में मंहगाई को लेकर शुरू हुआ विरोध जल्द ही बड़े राजनीतिक आंदोलन में बदल गया और प्रदर्शनकारी देश की वर्तमान सत्ता को समाप्त करने की मांग करने लगे।
ये घटनाएं 2022 में महिला, जीवन, स्वतंत्रता विरोध प्रदर्शनों के बाद से ईरान की सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण चुनौती पेश कर रही हैं। ये सभी घटनाएं क्षेत्रीय तनाव के चरम पर होने और नए सिरे से लागू किए गए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के दौर में हो रही हैं।