चीन ने ईरान में अमरीका और इस्रायल के हमले के बाद तुरंत संघर्ष-विराम की अपील की है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों पर गंभीर चिंता प्रकट की है और सभी पक्षों से संयम बरतने तथा समझौते के लिए बातचीत करने की अपील भी की है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ने कहा कि अमरीकी सैन्य कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र घोषणा-पत्र और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों का स्पष्ट उल्लंघन है।
उधर, इस्रायल में चीन के दूतावास ने इस्रायल में मौजूद अपने नागरिकों से इस्रायल में सुरक्षित स्थान पर जाने या मिस्र चले जाने को कहा है। चीन के विदेश मंत्रालय ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को भी अज़रबैजान, आर्मीनिया, तुर्की और ईराक़ के रास्ते देश छोड़ देने की सलाह दी है।