फ़रवरी 18, 2026 7:47 पूर्वाह्न

printer

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की

ईरान ने अपने विवादित परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका के साथ अप्रत्यक्ष वार्ता के दौरान शक्ति प्रदर्शन करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है।

ईरान ने सोमवार को कहा कि उसके रिवोल्यूशनरी गार्ड ने होर्मुज जलडमरूमध्य, फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में अभ्यास शुरू किया है, जो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग हैं।

ईरान ने कल कहा कि उसने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर विवाद को सुलझाने के लिए अमरीका के साथ मुख्य मार्गदर्शक सिद्धांतों पर सहमति बना ली है।

जिनेवा में वार्ता के दूसरे दौर के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अभी भी बहुत काम करना बाकी है। वहीं अमरीका ने कहा कि प्रगति हुई है।

मध्यस्थ ओमान के विदेश मंत्री बदर अलबुसैदी ने कहा कि वार्ता साझा लक्ष्यों और संबंधित तकनीकी मुद्दों की पहचान की दिशा में अच्छी प्रगति के साथ संपन्न हुई।