ईरान ने कहा है कि उसने तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए अमरीका के साथ मुख्य मार्गदर्शक सिद्धांतों पर सहमति बना ली है। जिनेवा में वार्ता के दूसरे दौर को संबोधित करते हुए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अभी भी बहुत काम करना बाकी है। ओमान के राजदूत के आवास पर हुई वार्ता के दूसरे दौर से पहले, ईरान ने कहा कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम और अमरीका द्वारा लगाए गए आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की संभावना पर ध्यान केंद्रित करेगा। ओमान के विदेश मंत्री बदर अलबुसैदी ने कहा कि वार्ता में साझा लक्ष्यों और तकनीकी मुद्दों की पहचान की दिशा में अच्छी प्रगति हुई है।
सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर ईरान की हिंसक कार्रवाई और परमाणु गतिविधियों को लेकर अमरीका द्वारा ईरान को बार-बार सैन्य धमकियां देने के बाद यह बैठक हुई। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहले कहा था कि उन्हें विश्वास है कि ईरान समझौता करना चाहता है।
अमरीका ने पहले संकेत दिया था कि वह ईरान के मिसाइल विकास जैसे अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करना चाहता है। अमरीका और उसके यूरोपीय सहयोगी देशों को संदेह है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसे तेहरान ने हमेशा नकारा है।