ईरान ने इस्राएल के दिमोना शहर और अराद शहर को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस्रायल का नेगेव परमाणु अनुसंधान केंद्र दिमोना में ही स्थित है। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का कहना है कि इस केंद्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है क्योंकि इससे विकिरण का स्तर असामान्य नहीं पाया गया है।
हालांकि दक्षिणी इस्राएल में 130 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ईरान का कहना है कि उसने ये हमले नतान्ज़ परमाणु संवर्धन संयंत्र पर हुए हमले के जवाब में किया है।
इस्राएल ने जवाबी कार्रवाई में तेहरान के मालेक अशतर विश्वविद्यालय स्थित अनुसंधान और विकास केंद्र को निशाना बनाया है। इस्राएल का कहना है कि इस केंद्र का इस्तेमाल परमाणु हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों के पुर्जे विकसित करने के लिए किया जाता था।
उधर, हिजबुल्ला ने उत्तरी लेबनान में इस्राएल के सैन्य ठिकानों पर रॉकेट हमले किए हैं। गौरतलब है कि इस्राएल दक्षिणी लेबनान में जमीनी अभियानों को आगे बढ़ा रहा है।