फ़रवरी 2, 2026 12:13 अपराह्न

printer

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने अमरीका को चेताया, अगर देश पर कोई हमला हुआ तो नतीजा क्षेत्रीय युद्ध होगा

ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने अमरीका को चेतावनी दी है कि अगर उनके देश पर किसी  भी तरह का हमला किया गया तो इसका नतीजा क्षेत्रीय युद्ध की शकल में होगा। यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प पश्चिम एशिया में अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा रहे हैं।

एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए खामेनेई ने कहा कि अमरीका, ईरान के साथ-साथ उसके विशाल तेल व प्राकृतिक गैस संसाधनों को हड़पना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान जो घटनाएं हुई हैं, वे तख्तापलट के समान थी, क्योंकि बड़ी संख्या में सरकारी कार्यालयों, बैंकों और मस्जिदों पर हमले किए गए। श्री खामेनेई ने इस हिंसक अशांति को ‘राजद्रोह’ करार दिया।

इस बीच, राष्‍ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान कोई समझौता करने पर सहमत हो जाएगा। उनका यह बयान उनके द्वारा लगातार दी जा रही चेतावनियों के बीच आया है। उन्‍होंने कहा कि अमरीकी सेनाओं का एक विशाल बेड़ा उस क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। राष्‍ट्रपति ट्रंप ने भी ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि वह अपने परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने वाले समझौते पर सहमत‍ि दे।