ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए जिनेवा पहुंचे
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए जिनेवा पहुंचे हैं। यह वार्ता ऐसे समय पर हो रही है जब इस क्षेत्र में अमरीका की सैन्य तैनाती को लेकर तनाव बना हुआ है।
ईरान के अनुसार, यह वार्ता अप्रत्यक्ष रूप से ओमान की मध्यस्थता में होगी। अमरीका ने संकेत दिया है कि वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय सहयोगियों को दिए जा रहे समर्थन सहित व्यापक मुद्दों पर चर्चा चाहता है।
व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि मध्य पूर्व में अमरीका के दूत स्टीव विटकॉफ जिनेवा में अमरीका का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इससे पहले, कल ईरान के विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी संस्था के प्रमुख से मुलाकात की। ईरान और अमरीका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने और नए सैन्य टकराव को टालने के लिए वार्ता फिर से शुरू की है।
अमरीका ने ईरान के मिसाइल भंडार जैसे गैर-परमाणु मुद्दों पर भी वार्ता का दायरा बढ़ाने की कोशिश की है, जबकि ईरान का कहना है कि वह परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने को लेकर चर्चा के लिए तैयार है लेकिन प्रतिबंधों में राहत चाहता है और ईरान शून्य यूरेनियम संवर्धन को स्वीकार नहीं करेगा।
ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से नागरिक उद्देश्यों के लिए है और संवर्धन केवल शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए रहेगा।