फ़रवरी 16, 2026 4:56 अपराह्न

printer

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए जिनेवा पहुंचे

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची आज अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के दूसरे दौर के लिए जिनेवा पहुंच गये हैं। ईरान की मीडिया के अनुसार इस क्षेत्र में अमरीका की सैन्य तैनाती को लेकर तनाव बना हुआ है। ईरान ने यह बातचीत अप्रत्यक्ष रूप से और ओमान की मध्यस्थता में होने की बात कही है। अमरीका ने कहा है कि वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्रीय सहयोगियों को दिए जा रहे समर्थन सहित व्यापक मुद्दों पर चर्चा चाहता है।

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास स्विट्जरलैंड और ओमान के विदेश मंत्रियों के साथ अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी से भी बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने वार्ता से पहले संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी संस्‍था के प्रमुख से मिलने की पुष्टि की है।

    अमरीका ने कहा है कि मध्य पूर्व में अमरीका के दूत स्टीव विटकॉफ जिनेवा में वाशिंगटन का प्रतिनिधित्व करेंगे। अमरीका के अधिकारियों ने किसी समझौते की संभावनाओं को लेकर सावधानी बरती है। ईरान और अमरीका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने और आगे तनाव बढ़ने से रोकने के प्रयास में इस महीने की शुरुआत में बातचीत फिर से शुरू की। हालांकि, महत्वपूर्ण मुद्दों पर मतभेद अब भी बने हुए हैं।