ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमरीका के साथ वार्ता का दूसरा दौर स्विट्जरलैंड के जिनेवा में संपन्न हुआ। वार्ता के बाद मीडिया से बात करते हुए ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान और अमरीका परमाणु वार्ता के दूसरे दौर में मुख्य मार्गदर्शक सिद्धांतों पर सहमत हो गए हैं, लेकिन अब भी कुछ काम करना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रगति का मतलब यह नहीं है कि जल्द ही कोई समझौता हो जाएगा, लेकिन मार्ग प्रशस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि वार्ता के तीसरे दौर के लिए अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है, क्योंकि दोनों पक्ष समय तय करने से पहले संभावित समझौते के मसौदे तैयार करेंगे।
इससे पहले, नवीनतम वार्ता से पहले पत्रकारों से बात करते हुए अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम पर समझौता करना चाहता है। खबरों के अनुसार, अमरीका ने दुनिया का सबसे बड़ा युद्धपोत यूएसएस गेराल्ड आर फोर्ड मध्य पूर्व भेजा है, जो आने वाले हफ्तों में क्षेत्र में पहुंच सकता है। इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनी ने चेतावनी दी है कि उनकी सरकार को हटाने के अमरीका के प्रयास विफल होंगे।