सरकार ने कहा है कि विद्यार्थियों, व्यापारियों, कारखाना श्रमिकों, तीर्थयात्रियों, नाविकों और मछुआरों सहित लगभग नौ हजार भारतीय नागरिक ईरान में अभी मौजूद हैं। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिथा ने बताया कि मंत्रालय और ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए समय-समय पर परामर्श जारी किए हैं। इसमें ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय दूतावास ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को अत्याधिक सावधानी बरतने, स्थिति की जानकारी रखने, स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखने और दूतावास के संपर्क में रहने की सलाह दी है। श्री पबित्रा ने बताया कि दूतावास उन भारतीयों की वापसी में भी सहायता कर रहा है जो भारत लौटना चाहते हैं।
विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि ईरान की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर मंत्रालय ने नई दिल्ली में एक विशेष नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास वहां फंसे अपने नागरिकों की सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन और ईमेल सेवा भी संचालित कर रहा है।