जून 22, 2025 9:07 अपराह्न

printer

ईरान की संसद ने अपने परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमलों के बाद तेल आपूर्ति के प्रमुख जल मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की मंजूरी दी

ईरान की संसद ने उसके तीन परमाणु संयंत्रों पर अमरीकी बमबारी के बाद तेल के समुद्री जहाजों के प्रमुख मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की मंजूरी दे दी है। ईरानी सरकारी मीडिया ने आज बताया कि अंतिम निर्णय सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद लेगी।

 होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण अवरोध बिंदुओं में से एक है, जिसके माध्यम से वैश्विक तेल का पांचवां हिस्सा और दुनिया की तरलीकृत प्राकृतिक गैस आपूर्ति के एक तिहाई भाग की आवाजाही होती है। अब तक, अधिकांश विशेषज्ञ इस बात पर सहमत थे कि ईरान जलडमरूमध्य को बंद नहीं करेगा , लेकिन आज सुबह अमरीकी कार्रवाई ने इसे बदल दिया है।

जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी को अरब सागर और हिंद महासागर से जोड़ता है। सबसे संकरे बिंदु पर लगभग 33 किमी चौड़ा यह संकरा चैनल ईरान को अरब प्रायद्वीप से अलग करता है। जलमार्ग में शिपिंग लेन प्रत्येक दिशा में तीन किलोमीटर तक संकरी हो गई हैं, जिससे उन पर हमला किया जा सकता था। ईरानी संसद ने अब इस जलमार्ग को बंद करने का फैसला किया है।