दिसम्बर 16, 2025 9:54 अपराह्न

printer

ईरान और पाकिस्तान ने 3 हजार से अधिक अफगानी शरणार्थी को जबरन निर्वासित किया

ईरान और पाकिस्‍तान से 3 हजार से अधिक अफगानी शरणार्थियों को एक ही दिन में  जबरन निर्वासित किया गया। तालिबान के उप-प्रवक्‍ता मुल्‍ला हमदुल्‍ला फितरत ने सोशल मीडिया पर प्रवासियों के मुद्दों से संबंधित रिपोर्ट उच्‍चायोग से साझा करते हुए यह जानकारी दी। उन्‍होंने बताया कि 577 परिवारों के तीन हजार पांच लोग कल अफगानिस्‍तान वापस लौटे।
 
उप-प्रवक्‍ता ने कहा कि साढ़े पांच हजार से अधिक अफगानी शरणार्थियों को रविवार को जबरन ईरान और पाकिस्‍तान से भेजा गया। उन्‍होंने बताया कि 967 परिवारों के 5 हजार 423 लोगों को उनके इलाकों में पहुंचाया गया, जबकि 792 परिवारों को मानवीय सहायता उपलब्‍ध करवाई गई।
 
नवंबर में संयुक्‍त राष्‍ट्र शरणार्थी उच्‍चायोग ने स्‍पष्‍ट किया था कि पाकिस्‍तान ने इस वर्ष रिकॉर्ड संख्‍या में अफगानी प्रवासियों को हिरासत में लिया। बलूचिस्‍तान और पंजाब सूबे से सर्वाधिक लोगों को हिरासत में लिया गया।