मार्च 2, 2026 9:37 अपराह्न

printer

ईरान और इज़राइल-अमरीका के मिसाइल और ड्रोन हमलों से पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ा

ईरान और इज़राइल-अमरीका के बीच बढते मिसाइल तथा ड्रोन हमलों से पश्चिम एशिया में संघर्ष तेज हो गया है। ईरान और समर्थित संगठन अपने सर्वोच्‍च नेता अयातुल्‍ला अली खामनेई और अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों की मौत के बाद इज़राइल तथा खाड़ी देशों पर मिसाइल हमले कर रहे हैं। वहीं, इस्राएल और अमरीका ने ईरान के कई ठिकानों पर बमबारी की।
 
अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने आज पेंटागन में पत्रकारों से बात करते हुए कहा की कि अमरीका का लक्ष्‍य ईरान की मिसाइलों, नौसेना को नष्ट करना और तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है।
 
उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ अमरीका का सैन्य अभियान एक अंतहीन युद्ध नहीं है। हेगसेथ ने वर्तमान कार्रवाई को इराक में हुए पिछले संघर्षों से अलग बताया।
 
उन्होंने कहा कि वे इसे अमरीका फर्स्ट के सिद्धांतों पर समाप्त करेंगे। इससे पहले, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा था कि वाशिंगटन कुवैत में मारे गए अमेरिकी सैनिकों की मौत का बदला लेगा।
 
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री ट्रम्प ने कहा कि नौ ईरानी युद्धपोतों को डुबो दिया गया है और ईरानी नौसेना के मुख्यालय को काफी हद तक नष्ट कर दिया गया है। अमरीका की सेना ने कहा कि बी-2 स्टील्थ बमवर्षक विमानों ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर दो हजार पाउंड के बमों से हमला किया।
 
ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने कहा है कि वे ईरान के हमलों का मुकाबला करने के लिए अमरीका के साथ हैं। खाड़ी देशों के एक समूह ने कहा कि उन्‍हें ईरानी हमलों का जवाब देने का अधिकार है। रूस ने नागरिकों पर हमलों की निंदा करते हुए पश्चिमी एशिया में संघर्षविराम की अपील की है। 
 
तीन अमरीका के एफ-15ई स्ट्राइक ईगल विमान आज सुबह कुवैत में दुर्घटनाग्रस्त हो गए। अमरीका के सैन्य अधिकारियों ने बताया कि सभी छह चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि अमरीका की वायु सेना के जेट विमानों को कुवैत की वायु रक्षा ने गलती से मार गिराया गया था।
 
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने इस्रराएल और अमरीका के हमलों में रक्षामंत्री की मौत के बाद रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के जनरल माजिद इब्नेलरेज़ा को कार्यवाहक रक्षा मंत्री नियुक्त किया है।
 
ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी ने कहा है कि उनका देश अमरीका के साथ बातचीत नहीं करेगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने हाल ही में हुए अमरीकी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है।
 
श्री अराघची ने इन हमलों को आक्रामक गैरकानूनी कृत्य बताया और कहा कि ईरान की कार्रवाई आत्मरक्षा थी। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया है कि मस्कत प्रांत के तट से 52 मील दूर समुद्र में एक तेल टैंकर पर विस्फोटक से भरी नाव से हमला किया गया। हमले में एक चालक दल के सदस्य की मौत हो गई। सुरक्षा केंद्र ने बताया कि 21 अन्य चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
 
कतर के रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि देश में ऊर्जा से संबंधित स्थलों पर दो मिसाइल हमले हुए, जिनमें किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। 
 
इस बीच सऊदी अरब की रास तानूरा तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ। सऊदी अरब ने कहा कि उसने रास तानूरा तेल रिफाइनरी को निशाना बनाने वाले ड्रोन को रोका। सऊदी अरब के सरकारी टेलीविजन के अनुसार, ड्रोन हमले के बाद अधिकारियों ने दम्माम के पास स्थित रास तनुरा रिफाइनरी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
 
हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने आज ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या के जवाब में लेबनान से इज़राइल पर मिसाइलें दागीं। इस्रराएल ने बेरूत पर हमले करके जवाबी कार्रवाई की।
 
इस हमले में 31 लोगों की जान गई। इस्रराएल ने कहा कि ईरान के साथ युद्ध जारी रहने तक गजा जाने वाला रास्‍ता बंद रहेगा। इस रास्‍ते से जरूरी मानवीय सहायता पहुंचाई जाती है। 
 
इस्रराएल की सरकार ने कहा है कि देशव्यापी प्रतिबंध बुधवार रात तक अपरिवर्तित रहेंगे। आवश्यक क्षेत्रों को छोड़कर सभी सभाएं, शैक्षणिक गतिविधियां और कार्यस्थल प्रतिबंधित रहेंगे। ये प्रतिबंध बुधवार रात 8 बजे तक रहेंगे। जिसके बाद स्थिति का आकलन किया जाएगा।
 
संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी निकाय में ईरान के राजदूत रजा नजाफी ने बताया कि कल अमेरिकी और इजरायली सैन्य अभियानों के दौरान नतान्ज़ स्थित देश की विशाल परमाणु सुविधा पर हमला हुआ।
 
उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र की राजधानी इरबिल में भी कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई।
 
साइप्रस ने कहा है कि ब्रिटेन के सैन्य अड्डे पर ड्रोन हमले से मामूली नुकसान हुआ है। हिज़्बुल्लाह द्वारा इस्रराएल पर हमले के बाद लेबनान के विभिन्न हिस्सों में इस्रराएल की सेना ने हवाई हमले किए, जिसके बाद लेबनान सरकार एक आपातकालीन बैठक कर रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पश्चिम एशिया में नागरिकों और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुरक्षित रखने की अपील की है।
 
जॉर्डन के नागरिक उड्डयन नियामक आयोग का कहना है कि देश का हवाई क्षेत्र आज से अगले आदेश तक प्रतिदिन स्‍थानीय समयनुसार शाम छह बजे से सुबह के नौ बजे तक सभी विमानों के लिए बंद रहेगा।