मार्च 21, 2026 8:11 पूर्वाह्न

printer

रमजान के पवित्र महीने के समापन का प्रतीक ईद-उल-फित्र आज हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है

देश के विभिन्न हिस्सों में आज ईद-उल-फित्र का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।  

यह त्योहार रमज़ान के महीने के समापन का प्रतीक है। दिल्ली में, ईद की मुख्य नमाज जामा मस्जिद, फतेहपुरी मस्जिद और शाही ईदगाह में अदा की जाएगी। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ईद-उल-फित्र के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार आत्मसंयम, दान और जरूरतमंदों के प्रति करुणा का संदेश देता है।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर देशवासियों से जरुरतमंदों की सहायता करने, समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान भी किया।

जम्मू-कश्मीर में रमज़ान के पवित्र महीने के समापन पर ईद-उल-फित्र आज पूरे उत्साह और खुशी के साथ मनाई जा रही है। जम्मू की मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों लोग ईद की नमाज़ अदा करने के लिए इकट्ठा हुए हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी को ईद की शुभकामनाएं दी और त्याग, साझेदारी और मानव सेवा की भावना अपनाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी जम्मू-कश्मीर सहित दुनिया भर में ईद मना रहे लोगों को शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश में ईद पूरे राज्य में पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाई जा रही है। रमज़ान के पवित्र महीने के समापन के उपलक्ष्य में हजारों श्रद्धालु मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हुए हैं।