प्रवर्तन निदेशालय-ईडी ने आज कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आई-पैक प्रमुख प्रतीक जैन के कार्यालय और आवास पर छापेमारी और जांच में बाधा डाली। हालांकि, अदालत में हंगामे के कारण सुनवाई स्थगित हो गई और न्यायमूर्ति शुभ्रा घोष ने मामले को 14 जनवरी तक के लिए टाल दिया।
बाद में, ईडी ने मुख्य न्यायाधीश को ईमेल भेजकर तत्काल सुनवाई की मांग की लेकिन मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक आदेशों में हस्तक्षेप न करने का हवाला देते हुए अनुरोध को अस्वीकार कर दिया।
आज सुबह, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जैन के घर और कार्यालय पर छापेमारी के संबंध में बिधाननगर इलेक्ट्रॉनिक्स पुलिस स्टेशन और कोलकाता के शेक्सपियर पुलिस स्टेशन में ईडी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने बाद में शेक्सपियर पुलिस स्टेशन में ईडी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया।
इस बीच, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने बनर्जी के इस कदम की निंदा करते हुए इसे अपराध और संविधान पर सीधा हमला बताया।
ईडी की छापेमारी के विरोध में ममता बनर्जी ने कोलकाता के जादवपुर से हाजरा तक एक रैली निकाली। इस मार्च के कारण व्यस्त समय में भारी यातायात जाम हो गया, जिससे आम जनता को असुविधा हुई। दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने ईडी की छापेमारी के विरोध में केंद्रीय गृह मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान तनाव कुछ देर के लिए बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस ने डेरेक ओ’ब्रायन, महुआ मोइत्रा, साकेत गोखले और प्रतिमा मंडल सहित सांसदों को वहां से हटा दिया।