प्रवर्तन निदेशालय ने आज कई राज्यों में 26 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें गोवा, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा और दिल्ली शामिल हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा है कि ये तलाशी अभियान अवैध अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी और धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत धन शोधन की जांच का हिस्सा हैं। निदेशालय ने कहा कि तलाशी अभियानों में एक सुसंगठित अंतरराज्यीय मादक पदार्थों की तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। एजेंसी ने बताया कि गोवा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा और केरल जैसे कई राज्यों में व्यावसायिक आधार पर मादक पदार्थों का वितरण किया जा रहा था। जांच एजेंसी ने आगे कहा कि तलाशी के दौरान, उसने बड़ी मात्रा में नकदी, चरस सहित मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं, साथ ही आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। जांच में आपूर्तिकर्ताओं से संबंध और मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और अवैध आय के शोधन में कई सहयोगियों और दलालों की सक्रिय संलिप्तता का भी खुलासा हुआ है।
Site Admin | जनवरी 16, 2026 7:48 अपराह्न
ईडी ने गोवा सहित कई राज्यों में 26 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया