मार्च 21, 2026 1:12 अपराह्न

printer

इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक सहित ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों ने बगदाद में हुए हमले की ज़िम्मेदारी ली

इराक की राजधानी बगदाद में पिछले कुछ दिनों में ड्रोन और रॉकेट हमलों में तेज़ी देखी गई है। आज बगदाद अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे के पास ‘कैंप विक्ट्री’ को निशाना बनाया गया। इस हमले के कारण भीषण आग लग गई, जिससे आसमान में धुएं के घने बादल छा गए।

‘इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक’ सहित ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है। उन्होंने इस सैन्य अड्डे को अमरीका का सैन्य और लॉजिस्टिक्स केंद्र बताया है।

इस हमले से पहले कुछ दिनों से इराक की राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में भी इसी तरह कई हमले किए गए हैं। बगदाद के ‘ग्रीन ज़ोन’ में स्थित अमरीकी दूतावास के पास ड्रोन और रॉकेट हमलों को रोक दिया गया था।

ड्रोन और रॉकेट के टुकडों से कुछ जगहों पर आग भी लग गई थी। इस दौरान होटल में आग लग गई जहाँ अकसर राजनयिक अधिकारी ठहरते हैं।

इराक के सुरक्षा सूत्रों ने यह भी बताया कि बगदाद हवाई अड्डे के पास हमले में सुरक्षा बलों के कई जवान घायल हो गए थे। इसी हफ़्ते की शुरुआत में, ‘कताइब हिज़्बुल्लाह’ ने भी ड्रोन हमले की ज़िम्मेदारी ली थी, जिसमें  ‘कैंप विक्ट्री’ परिसर को निशाना बनाया गया था।

इन हमलों को व्यापक रूप से ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों-जैसे ‘अशब अल-कहफ़’ और ‘कताइब हिज़्बुल्लाह’ के सुनियोजित हमले के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।

ये हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब अमरीका, इज़रायल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव काफ़ी बढ़ गया है। जहाँ पिछले वर्षों में चरमपंथी समूह बड़े पैमाने पर आम नागरिकों को निशाना बनाते रहे हैं। लेकिन वो इराक में मौजूद अमरीका से जुड़े सैन्य और राजनयिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।