इस्राइल ने गज़ा और मिस्र के बीच स्थित राफा सीमा चौकी को आंशिक रूप से फिर से खोलने की घोषणा की है। पिछले वर्ष मई में इस्राइल की सेना द्वारा चौकी पर कब्जा किए जाने के बाद यह ऐसा पहला कदम है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस्राइल के अधिकारियों का हवाला देते हुए गज़ा निवासियों की सीमित आवाजाही के लिए चौकी को परीक्षण के आधार पर खोला गया है। गज़ा को दी जाने वाली सहायता की निगरानी करने से जुड़ी इस्राइली सैन्य एजेंसी ने कहा है कि व्यापक स्तर पर अभियानों की तैयारी चल रही है और लोगों आज से चौकी से गुजरने की उम्मीद है।
इस्राइल की सेना ने विशेष जांच की सुविधा का काम पूरा कर लिया है जिसका उपयोग राफा के रास्ते गज़ा में आने और जाने वाले फिलिस्तीनियों की जांच के लिए किया जाएगा। गज़ा में इस्राइल के लंबे सैन्य अभियान के बीच यह चौकी महीनों तक बंद रही थी। गज़ा के सरकारी मीडिया कार्यालय के निदेशक ने कहा है कि युद्ध के दौरान गज़ा छोड़कर गए लगभग 80 हजार फिलिस्तीनी फिर से गजा वापस आना चाहते हैं।