फ़रवरी 28, 2026 2:20 अपराह्न

printer

इस्राइल और अमरीका ने ईरान पर हमला किया, इस्राइल में आपातकाल घोषित

इस्राइल और अमरीका ने आज ईरान पर हमले किए। राजधानी तेहरान सहित ईरान के कई शहरों में विस्फोटों की खबर है। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए आठ मिनट के वीडियो में पुष्टि की कि अमरीका ने ईरान में सैन्य अभियान शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अमरीका की सेना मौजूदा ईरानी शासन को अमरीका और उसके राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के लिए खतरा बनने से रोकने के लिए एक व्यापक और निरंतर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि इस हमले का उद्देश्य ईरानी शासन से उत्पन्न होने वाले खतरों को समाप्त करके अमरीका की जनता की रक्षा करना है।

उन्होंने कहा कि ईरान की खतरनाक गतिविधियां सीधे तौर पर अमरीका, उसके सैनिकों, विदेशों में स्थित ठिकानों और विश्‍व के सहयोगियों के लिए खतरा हैं। इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने कहा है कि उनके देश ने ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित हमला शुरू कर दिया है और उन्होंने पूरे देश में आपातकाल की घोषणा भी कर दी है।

सरकारी मीडिया के अनुसार ईरान जवाबी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। ये हमले संभावित परमाणु समझौते को लेकर अमरीका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया में व्यापक सैन्य टकराव की बढ़ती आशंकाओं के बीच हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेहरान के डाउनटाउन में विस्फोट हुआ और आसमान में घना धुआं उठता देखा गया। तेहरान में कथित हमला सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास हुआ।

हमले के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है और मोबाइल फोन सेवाएं बाधित हो गई हैं। ईरान की राजधानी में कई विस्फोटों की सूचना मिलने के बाद पायलटों को चेतावनी भी जारी की गई।

कई मिसाइलें यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और ईरानी राजधानी के जोम्हूरी जिले में गिरीं। नुकसान और हताहतों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बीच, ईरान पर इस्राइली हमलों के बाद इराक ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है।

इस्राइल में भी सायरन बजने लगे है। इस्राइल की सेना ने कहा कि ये चेतावनी जवाबी मिसाइल हमले की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए थे। 

इस्राइल की सेना ने कहा कि ईरान से दागी गई मिसाइलों को इस्राइल की ओर आते हुए देखा गया है, जिसके चलते देश के कई इलाकों में सायरन बजाए गए। इस्राइल की सेना ने कहा कि ये चेतावनी ईरान या उसके क्षेत्रीय सहयोगियों द्वारा जवाबी मिसाइल हमले की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किए गए हैं।