इस्राइल ने कहा है कि वह गज़ा में डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स -एमएसएफ की मानवीय अभियानों को समाप्त कर रहा है क्योंकि संगठन ने अपने फिलिस्तीनी कर्मचारियों की सूची मंगलवार तक देने का वादा किया था, लेकिन बाद में उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इस्राइल की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि संगठन के जाने के बाद गज़ा पट्टी के निवासियों को लगातार मानवीय सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वैकल्पिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए आकलन किए जा रहे हैं।
प्रवासी मामलों के मंत्री अमिचाई चिकली का कहना है कि एम.एस.एफ. ने सार्वजनिक रूप से तय प्रक्रिया के अनुसार काम करने की सार्वजनिक प्रतिबद्धता जताने के बाद अपना रूख बदल लिया। दिसंबर में इस्राइल ने घोषणा की थी कि वह एमएसएफ सहित 37 सहायता संगठनों को 1 मार्च से गजा में काम करने से रोक देगा क्योंकि उन्होंने अपने फिलिस्तीनी कर्मचारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत नहीं की थी। इस फैसले की गैर सरकारी संगठनों और संयुक्त राष्ट्र ने कड़ी निंदा की थी।