फ़रवरी 2, 2026 2:33 अपराह्न

printer

इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने सेना की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने सेना की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की है। उन्होंने सेना प्रमुख एयाल ज़मीर से बातचीत की, जो हाल ही में वाशिंगटन की यात्रा से लौटे हैं। श्री ज़मीर ने वाशिंगटन में अमरीका के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के अध्यक्ष डैन केन और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।

चर्चा में ईरान के खिलाफ संभावित अमरीकी सैन्य कार्रवाई सहित सभी संभावित परिदृश्यों के लिए समन्वय और तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया गया। हाल ही में इस्राइल के सैन्य खुफिया प्रमुख श्लोमी बिंदर ने भी अमरीका की यात्रा की है। इस बीच, ईरान के सेना प्रमुख आमिर हतामी ने कहा कि देश की सेनाएं पूरी तरह से तैयार हैं और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर कड़ी नजर रख रही हैं।

तेहरान में उन्होंने चेतावनी दी कि अमरीका की कोई भी गलती इस्राइल और पूरे पश्चिम एशिया क्षेत्र को खतरे में डाल देगी। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा कि विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन के नेतृत्व में  विशाल नौसैनिक बल ईरान की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि परमाणु समझौते तक पहुंचने के लिए तेहरान के पास समय कम है, जिससे व्यापक क्षेत्रीय अस्थिरता की आशंकाएं बढ़ रही हैं।