जनवरी 18, 2026 9:08 पूर्वाह्न

printer

इराक के ऐन-अल-असद हवाई अड्डे से लौटी अमरीकी सेना

अमरीका की सेना पश्चिमी इराक के ऐन-अल-असद हवाई अड्डे से पूरी तरह से हट गई है। 2024 के एक समझौते के तहत अमरीका और इराक ने सितंबर 2025 तक इस्लामिक स्टेट गुट के खिलाफ अमरीकी नेतृत्व वाले गठबंधन के अभियान को धीरे-धीरे समाप्त करने का निर्णय लिया था। हालांकि, सीरिया में हो रहे घटनाक्रमों से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं के कारण ऐन-अल-असद में कुछ अमरीकी सलाहकार मौजूद थे।

वापसी के बाद इराकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल अब्दुल अमीर राशिद यारल्लाह ने हवाई अड्डे का दौरा किया। एक इराकी रक्षा अधिकारी ने पुष्टि की कि अमरीका की सेना ने अपने सारे उपकरण भी हटा लिये हैं।

इस बीच, अमरीका की ओर से सेना की वापसी पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, अमरीकी सैनिक अभी भी इराक के कुर्द इलाके और पड़ोसी सीरिया में मौजूद हैं।

सेना की वापसी सरकार के नियंत्रण से बाहर के हथियारबंद समूहों को निरस्त्र करने के लिए बातचीत में इराकी सरकार की स्थिति को मजबूत कर सकती है। प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी ने कहा है कि अगर अमरीकी गठबंधन पूरी तरह से इराक छोड़ देता है तो हथियारबंद समूहों के पास हथियार रखने का कोई औचित्‍य नहीं रह जाएगा।