मार्च 6, 2026 12:24 अपराह्न

printer

इज़राइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के मुख्यालय और 10 ऊंची इमारतों पर हमला किया

इज़राइल ने आज लेबनान में हिज़्बुल्लाह के बेरूत स्थित मुख्यालय और सैन्य साजो-सामान से लैस दस ऊंची इमारतों पर हमला किया। इज़राइल ने बताया कि हमलों में कार्यकारी परिषद के मुख्यालय और ड्रोन के गोदाम को निशाना बनाया गया। इनका इस्तेमाल ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह इज़राइल पर हमले करने के लिए करता है।

इज़राइल ने घोषणा की कि उसने बेरूत में हिज़्बुल्लाह कमांडर ज़ैद अली जुमा को मार गिराया है। जुमा दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के तोपखाने प्रमुख के रूप में कार्यरत था। इज़राइल की नौसेना ने त्रिपोली क्षेत्र में हमास कमांडर वसीम अत्ताल्लाह अली को भी मार गिराया।

हमलों की शुरुआत से लेकर अब तक, इज़राइल ने बेरूत के दक्षिण में स्थित दहियेह में कुल छब्बीस बार हमले किए हैं। इज़राइल ने कहा कि हमले से पहले नागरिकों को नुकसान की संभावना को कम करने के लिए कदम उठाए गए थे, जिनमें अग्रिम चेतावनी, सटीक हथियारों का उपयोग और हवाई निगरानी शामिल हैं।