इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने मंत्रिमंडल के साथ गाजा पट्टी के लिए अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की विवादास्पद योजना पर चर्चा की। अमरीका से लौटने के बाद श्री नेतन्याहू ने कैबिनेट बैठक में कहा कि अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प का दृष्टिकोण, जिसे वह लागू करने के लिए दृढ़ हैं, इज़राइल के लिए कई संभावनाएं पैदा करता है।
दोनों नेताओं ने हमास को खत्म करने, इजरायली बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने, इजरायल के लिए गजा की चुनौती को समाप्त करने और विस्थापित इजरायली निवासियों को वापस लाने जैसे कई प्रमुख उद्देश्यों पर सहमति जताई है।
दूसरा प्रमुख लक्ष्य ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना है। ट्रम्प की योजना में गाजा पर कब्ज़ा करना, फिलिस्तीनियों को पड़ोसी देशों में ले जाना और क्षेत्र का पुनर्विकास करना शामिल है। इसके अलावा नेतन्याहू ने सऊदी अरब की सीमाओं के भीतर एक फ़िलिस्तीनी राज्य स्थापित करने का विचार उठाया।
हालांकि, दोनों नेताओं के फिलिस्तीनियों के प्रस्तावित विस्थापन पर क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक निंदा हो रही है।